IANS News

भारतवंशी मां की कानूनी लड़ाई के बाद बेटे का हत्यारा दोषी करार

कार्बनडेल (अमेरिका), 17 जून (आईएएनएस)| भारतीय मूल की अमेरिकी मां की चार साल लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अंतत: उसके बेटे के हत्यारे को दोषी करार दे दिया गया।

मीडिया रपटों के अनुसार, एक न्यायपीठ ने गुरुवार को कार्बनडेल में 2014 में प्रवीण वर्गीज की हत्या के लिए गेज बेथूने को दोषी ठहराया।

फैसले के बाद प्रवीण की मां लवली वर्गीज ने शिकागो ट्रिब्यून से कहा, आखिरकार प्रवीण का दिन आया है। अब उसे शांति मिले सकेगी।

प्रवीण की मौत को अधिकारियों द्वारा एक दुर्घटना बताए जाने के बाद उसकी मां ने लगातार मीडिया, राजनेता व जनता को संगठित करने का काम किया।

भारी दबाव के बाद अधिकारियों ने नए सिरे से जांच का आदेश दिया और एक विशेष अभियोजक नियुक्त किया।

कार्बनडेल पुलिस प्रमुख जोडी ओगुनिन को भी बर्खास्त किया गया।

बेथूने को अब 20 साल से 60 साल जेल की सजा हो सकती है।

प्रवीण (19) का शव एक जंगली इलाके से फरवरी 2014 में जमी हुई अवस्था में मिला था। दक्षिणी इलिनोइस विश्वविद्यालय के छात्र प्रवीण के लापता होने के चार दिन बाद उसका शव बरामद हुआ था।

स्थानीय कोरोनर ने उसकी मृत्यु को एक दुर्घटना बताया था और इसकी वजह अत्यधिक ठंड बताई थी।

लेकिन उसके परिवार ने एक स्वतंत्र पोस्टमार्टम कराई, जिसमें पाया गया कि उसकी मौत सिर पर गंभीर रूप से चोट लगने से हुई थी।

लवली वर्गीज ने इस निष्कर्ष को लेकर ध्यान खींचने के लिए कई संवाददाता सम्मेलन बुलाए।

‘वालंटियर्स फ्राम आर्कागेल्स ऑफ जस्टिस’ ने मामले का अध्ययन किया और रिपोर्ट लिखी। यह रिपोर्ट बेथुने की तरफ इशारा करती थी।

‘वालंटियर्स फ्राम आर्कागेल्स ऑफ जस्टिस’ एक सेवानिवृत्त कानून प्रवर्तन अधिकारियों का संगठन है।

=>
=>
loading...