मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने हाल ही में अपनी पत्नी अनुष्का का एक वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया था। इस वीडियो में अनुष्का सड़क पर कचरा फेंक रहे एक शख्स को ऐसा करने के लिए डांट लगाती हुई नज़र आ रही थीं। अनुष्का जिस लड़के को डांट रही थीं उसका नाम अरहान सिंह है। सोशल मीडिया में ये मामला आग की तरह फैला। खुद अरहान ने इस मामले पर अपनी सफाई दी। अरहान ने कहा कि हां मैंने लापरवाही की। जिसके लिए मैं माफी भी मांग रहा था, लेकिन वह लगातार चिल्लाती रहीं। अगर वह थोड़ा विनम्रता से बात करती तो छोटी स्टार नहीं हो जातीं। मैनर्स बहुत तरीके के होते हैं और उनमें से एक तरीका बातचीत का भी है।
वैसे आपको बता दें कि अरहान सिंह कोई आम आदमी नहीं हैं। वह बॉलीवुड की कई फिल्मों में नज़र आ चुके हैं। वह शाहरुख और माधुरी के साथ भी फिल्म कर चुके हैं। वह 90 के दशक में चाइल्ड स्टार रह चुके हैं। अरहान ने शाहरुख खान के साथ एक फिल्म में काम किया है। उनके बारे में ये अपडेट इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए मिली।
अरहान ने करीब 17 महीने पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो शेयर की थी। यह तस्वीर शाहरुख और सोनाली बेंद्रे की फिल्म ‘इंग्लिश बाबू देसी मेम’ की थी। तस्वीर में दिख रहे सीन में छोटे अरहान शाहरुख के साथ नजर आ रहे हैं।
अरहान को उस वक्त अपने स्क्रीन नेम सन्नी सिंह के नाम से जाना जाता था। वह केवल बादशाह खान के साथ ही नहीं बल्कि माधुरी दीक्षित के साथ फिल्म ‘बेटा’ में भी नजर आ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पॉपुलर टीवी सीरीज ‘देख भाई देख’ में भी काम किया है। आखिरी बार वह शाहिद कपूर के साथ फिल्म ‘पाठशाला’ में नजर आए थे।