HealthLifestyle

घर में मिलने वाली ये चीज पेट की सभी दिक्कतों को करेगी दूर

लखनऊः शरीर के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए पेट का ठीक रहना सबसे आवश्यक माना जाता है। पेट के अंगों में होने वाली किसी भी तरह की समस्या का असर पूरे स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, जिन लोगों का पाचन ठीक रहता है, उनमें कई तरह की गंभीर बीमारियों का जोखिम कम होता है। पाचन ठीक होने से भोजन द्वारा पोषक तत्वों का अवशोषण ठीक तरीके से हो पाता है जिससे शरीर को आवश्यक न्यूट्रिशियंस आसानी से प्राप्त हो जाते हैं। वहीं पाचन का गड़बड़ रहना आपकी पूरी सेहत पर कई तरह से नकारात्मक असर डाल सकता है। आयुर्वेद में कई सारी ऐसी औषधियों का जिक्र मिलता है जिनका नियमित रूप से सेवन पेट को ठीक रखने में काफी मददगार हो सकता है।
अध्ययनों में इस बात का जिक्र मिलता है कि अजवाइन में ऐसे प्राकृतिक गुण होते हैं जो पाचन को बेहतर बनाए रखने के साथ पेट की अन्य कई समस्याओं से छुटकारा दिलाने में आपकी मदद कर सकते हैं। नियमित रूप से अजवाइन का सेवन लिवर के कार्यो को आसान बनाने के साथ भोजन से पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ावा देने में सहायक है। आइए अजवाइन से होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
अध्ययनों से पता चलता है कि अजवाइन के बीज, लिवर की गंभीर समस्याओं के उपचार में काफी असरदार प्रभाव दिखा सकते हैं। एक शोध में वैज्ञानिकों ने पाया कि चार सप्ताह के लिए अजवाइन, कासनी और जौ के पौधे के मिश्रण का सेवन हाइपरकोलेस्ट्रोलेमिया और लिवर की अन्य बीमारियों से पीड़ित रोगियों के लिए लाभदायक हो सकता है। यह बढ़े हुए सीरम लिवर एंजाइम, कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स को कम कर देता है जिससे पेट सहित हृदय की सेहत में भी सुधार किया जा सकता है।
ठीक कर सकता है पेट का अल्सर
अजवाइन के बीज में कई ऐसे गुण पाए जाते हैं जो पेट की समस्याओं के कम करने में कारगर हो सकते हैं। एक अध्ययन में पाया गया कि अजवाइन के अर्क में जीवाणुरोधी गुण होते हैं, जो पेट में होने वाले बैक्टीरियल संक्रमण के खतरे को कम कर सकते हैं। एक टेस्ट-ट्यूब अध्ययन में पाया गया कि अजवाइन के बीज का अर्क एच. पाइलोरी बैक्टीरिया को खत्म कर सकता है। ये बैक्टीरिया पाचन तंत्र में पाए जाते हैं और इससे पेट में अल्सर हो सकता है।
कई तरह के कैंसर से बचाता है
अजवाइन का सेवन करने वालों में कैंसर का खतरा भी कम होता है। अजवाइन के बीज के अर्क में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, ये शरीर की कोशिकाओं को फ्री-रेडिकल्स से होने वाले क्षति से बचा सकते हैं। कुछ जानवरों और टेस्ट-ट्यूब अध्ययनों में इसे कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा समस्याओं से बचाने में भी असरदार पाया गया है। एक अध्ययन में पाया गया कि अजवाइन में पाए जाने वाले पॉलीफेनोल्स यौगिक कैंसर, हृदय रोग और मधुमेह की समस्याओं से आपको सुरक्षा दे सकते हैं।
अजवाइन के अन्य फायदे
अजवाइन के गुणों को जानने के लिए हुए कई अध्ययनों में इसके अर्क और बीज को सेहत के लिए विशेष लाभदायक पाया गया है। शोध इस बात की भी पुष्टि करते हैं कि रोजाना अजवाइन का संयमित मात्रा में सेवन करना आपको कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षित रख सकता है।
  • लिवर की बीमारी और पीलिया।
  • मूत्र मार्ग में रुकावट की समस्या
  • गाउट।
  • ब्रोंकाइटिस-दमा में असरदार।
  • उल्टी को रोकने में कारगर।
=>
=>
loading...