IANS News

पंजाब : रेत माफिया के हमले में आप विधायक घायल

चंडीगढ़, 21 जून (आईएएनएस)| पंजाब के रोपड़ जिले में रेत माफिया के गुंडों द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ व उनके सुरक्षा कर्मियों पर गुरुवार को हमले में संदोआ घायल हो गए।

संदोआ के सीने पर एक पत्थर से हमला किया गया। उन्हें आनंदपुर साहिब के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें यहां पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन व रिसर्च (पीजीआईएमईआर) में रेफर कर दिया गया।

संदोआ पर बिहारा गांव के नजदीक हमला किया गया। वह एक अवैध रेत खनन स्थल को देखने के लिए गए थे।

जब संदोआ ने अवैध गतिविधि पर आपत्ति जताई तो गुडों ने उन पर व उनके सुरक्षा कर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले को संदोआ के साथ गए मीडियाकर्मियों ने रिकॉर्ड कर लिया। संदोआ रोपड़ निर्वाचन क्षेत्र से आप के विधायक हैं।

आप नेता सुखपाल सिंह खैरा व लोक इंसाफ पार्टी के नेता सिमरजीत सिंह बेंस ने आरोप लगाया कि रेत माफिया के गुंडों को पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस का समर्थन है और वे अवैध गतिविधियों पर आपत्ति करने वाले विधायकों व अधिकारियों पर खुलेआम हमला कर रहे हैं।

बैंस ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अमरिंद सरकार कानून व व्यवस्था लागू करने में विफल रही है।

=>
=>
loading...