IANS News

राहुल गांधी एनआरसी पर अपना रुख साफ करें : शाह

कोलकाता, 11 अगस्त (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को यहां कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को असम में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के विरोध के बावजूद घुसपैठियों की पहचान के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरा करने को प्रतिबद्ध है। शाह ने यहां एक रैली में कहा, ममतादी केवल आपके विरोध के कारण एनआरसी नहीं रुकेगा। आप विरोध करने के लिए आजाद हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विरोध करने के लिए आजाद हैं। लेकिन हमारी यह प्रतिबद्धता है कि सभी घुसपैठियों की एक-एक कर पहचान करें और कानून के मुताबिक असम में एनआरसी को पूरा करें।

राहुल पर वोटबैंक की राजनीति के लिए एनआरसी पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि असम समझौते के मुताबिक दस्तावेज पर कार्य हो रहा है। इस समझौते पर 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने हस्ताक्षर किए थे।

उन्होंने कहा, असम समझौते के मुताबिक एनआरसी पर कार्य किया जा रहा है। असम समझौता किसने बनाया? इसे 1985 में प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा तैयार किया गया था।

शाह ने भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रैली में कहा, तब कांग्रेस को कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन अब वोटबैंक की राजनीति के लिए राहुल गांधी अपना रुख साफ नहीं कर रहे हैं।

=>
=>
loading...