IANS News

बाढ़ पीड़ितों की मदद कर मनाएं स्वतंत्रता दिवस : पिनारई विजयन

तिरुवनंतपुरम, 15 अगस्त (आईएएनएस)| केरल के मुख्मयंत्री पिनारई विजयन ने बुधवार को जनता से राज्य में पिछले 94 वर्ष में आई सबसे भीषण बाढ़ से निपटने में अधिक से अधिक सहयोग करने का आग्रह किया।

बुधवार को उन्होंने तेज बारिश में भीगते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया। यहां 72वीं स्वतंत्रता दिवस परेड को संबोधित करते हुए विजयन ने लोगों से हर संभव सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य इस समय सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है।

उन्होंने कहा, इस वर्ष हम ऐसे समय स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं जब बाढ़ ने पूरे राज्य में तबाही मचाई हुई है। राज्य ने ऐसी विपदा का सामना पहले कभी नहीं किया। लेकिन, अगर हम सब एक हो जाएं तो हम किसी भी आपदा का सामना कर लेंगे।

विजयन ने लोगों से मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में उदारतापूर्वक सहयोग देने का आग्रह किया।

केरल और इसकी राजधानी में मूसलाधार बारिश के बीच विजयन ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में परेड की सलामी ली। ऐसी ही परेड राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित की गईं।

बाढ़ के बावजूद ज्यादातर स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में लोगों की सक्रिय उपस्थिति देखी गई।

=>
=>
loading...