IANS News

एशियाई खेल (निशानेबाजी) : दीपक, लक्ष्य ने दिलाए रजत (राउंडअप)

जकार्ता, 20 अगस्त (आईएएनएस)| यहां जारी 18वें एशियाई खेलों का दूसरा दिन सोमवार भारतीय निशानेबाजों के लिए अच्छा साबित हुआ। भारतीय निशानेबाजों ने इस दिन दो रजत पदक अपने नाम किए। दीपक कुमार ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में दूसरा स्थान हासिल कर पदक जीता तो वहीं लक्ष्य ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में हालांकि एक और भारतीय खिलाड़ी मानवजीत संधू पदक की रेस में अंतिम पलों में बाहर हो गए।

वहीं महिलाओं ने अपूर्वी चंदेला 10 मीटर एयर राइफल, महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में सीमा तोमर पदक से महरूम रह गईं।

लक्ष्य ने कुल 50 शॉट्स में 43 सटीक निशाने लगाए। इस स्पर्धा की स्वर्ण चीनी ताइपे के कुंपी यांग ने जीता। उन्होंने 48 का स्कोर किया। यांग ने इसी के साथ इस स्पर्धा के विश्व रिकार्ड की बराबरी कर ली। स्पर्धा का कांस्य पदक दक्षिण कोरिया के अहन डाएमयोंग के नाम रहा, जिन्होंने 30 का स्कोर किया।

मानवजीत संधू पहले ही एलिमिनेट होकर पदक की दौड़ से बाहर हो गए थे। संधू भी एक समय पदक की दौड़ में थे, लेकिन 35 शॉट में उन्होंने कुल 26 का स्कोर किया था और इस वजह से वह पदक की दौड़ से बाहर हो गए।

इससे पहले, दीपक ने फाइनल में 247.1 अंक हासिल कर रजत पदक पर कब्जा जमाते हुए दूसरे दिन भारत का खाता खोला। दीपक ने पहली बार एशियाई खेलों में पदक हासिल किया है। इस स्पर्धा में हालांकि भारत के एक और निशानेबाज रवि कुमार पदक नहीं जीत पाए। उन्हें चौथा स्थान प्राप्त हुआ।

इससे पहले, क्वालिफिकेशन में दीपक को पांचवां स्थान हासिल हुआ था, वहीं रवि ने चौथा स्थान हासिल किया था।

फाइनल में एक समय पर दीपक बाहर होने की कगार पर थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन कर ताइवान के लु शाओचुआन को मात देते हुए रजत पर कब्जा जमाया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन के यांग हाओरान ने जीता है।

अपूर्वी फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं। उन्होंने हालांकि इससे पहले इसी स्पर्धा के मिश्रित टीम में कांस्य पदक जीता था। शुरुआत में अपूर्वी ने अच्छा प्रदर्शन कर तीसरा स्थान प्राप्त किया था, लेकिन गलत निशाना लगाने के कारण वह ईरान की निशानेबाज से हार गईं और पांचवें स्थान पर रहीं।

इससे पहले अपूर्वी ने क्वालिफिकेशन में 629.4 अंक हासिल करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस स्पर्धा में शामिल एक अन्य महिला निशानेबाज एलावेनिल वालारेवान को 14वां स्थान हासिल हुआ और वह फाइनल से बाहर हो गईं थी।

सीमा महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में हारकर पदक से चूक गई हैं। स्वर्ण पदक के लिए रविवार को हुए मुकाबले में सीमा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। सीमा 25 में से केवल 12 अंक ही अर्जित कर पाई। स्वर्ण पदक के लिए हुए इस मुकाबले में कुल छह खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें सीमा अंतिम पायदान पर रहीं।

=>
=>
loading...