IANS News

देश से घुसपैठियों को निकालने के लिए भाजपा वचनबद्ध : शाह

भोपाल, 25 सितम्बर (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को यहां कहा कि भाजपा के लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि है न कि वोट बैंक। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भाजपा देश से घुसपैठियों को निकालने के लिए वचनबद्ध है।

जम्बूरी मैदान में आयोजित ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ को संबोधित करते हुए शाह ने असम के एनआरसी का जिक्र करते हुए कहा कि असम में सिटीजन रजिस्टर तैयार किया गया, जिसमें 40 लाख घुसपैठिए पाए गए। इनका नाम मतदाता सूची से हटाया जाना है, मगर संसद में कांग्रेस ने काआंे-काओं किया। इसके बावजूद भाजपा ने तय किया है कि वह घुसपैठियों को निकालकर रहेगी।

शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव से ऐसी हवा बनाएं जो अन्य राज्यों के चुनाव में आंधी में बदल जाए और फिर उसे हमें लोकसभा चुनाव में सुनामी में बदलना है।

शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने की बात करते हैं। उन्हें सपने देखने का अधिकार है, मगर यह भी तो बताएं कि जनता से वे किस आधार पर वोट मांगेंगे। क्या 12 लाख करोड़ के घोटालों के आधार पर वोट मांगेंगे।

उन्होंने कांग्रेसनीत संप्रग सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वह सरकार मध्य प्रदेश को आगे नहीं बढ़ने देती थी, मगर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राज्य में शिवराज सिंह चौहान की सरकार मिलकर प्रदेश का विकास कर रही है।

=>
=>
loading...