IANS News

नाटो सैन्य अभ्यास पर जारी रहे संवाद : पुतिन

 मास्को, 12 नवंबर (आईएएनएस)| रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को कहा कि उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) द्वारा हाल ही में किए गए व्यापक सैन्य अभ्यासों पर रूस शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिक्रिया कर रहा है।

 उन्होंने इस मामले पर संवाद जारी रखने की इच्छा जताई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन ने रशिया टुडे टीवी चैनल के साथ एक साक्षात्कार में कहा, “निष्पक्ष तौर पर, हम नाटो सदस्य देशों की सीमाओं के करीब व्यापक सैन्य अभ्यास नहीं करने का प्रयास कर रहे हैं..लेकिन सामान्य तौर पर हम इस पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिक्रिया कर रहे हैं।”

नाटो ने 25 अक्टूबर से सात नवंबर तक नॉर्वे और उसके पास के समुद्र में ‘ट्राइडेंट जंक्चर 2018’ सैन्य अभ्यास किया था, जो शीतयुद्ध की समाप्ति के बाद से सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास था।

पुतिन ने कहा, “संवाद की मांग हमेशा से रही है और मुझे आशा है कि संवाद हालात पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा।”

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि वह उत्तरी अटलांटिक गठबंधन के विकल्प में एक यूरोप की सभी सेनाओं को मिलाकर एक सैन्यबल स्थापित करने के विचार का समर्थन करते हैं।

=>
=>
loading...