नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। वह तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ सचिन पायलट ने भी शपथ ली। वह राजस्थान के उप मुख्यमंत्री नियुक्त किए गए हैं। सचिन इस दौरान अपने पिता स्वर्गीय राजेश पायलट के अंदाज में सिर में लाल पगड़ी बांधे हुए दिखे।
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी कार्यक्रम स्थल में मौजूद रहीं। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नवजोत सिंह सिद्धू, जितिन प्रसाद समेत यूपीए के कई दिग्गज मौजूद रहे।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कई अहम पदों पर रह चुके गहलोत तीन बार कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। गहलोत ने राजनीति के अलावा 1971 में बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम के दौरान पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी शरणार्थियों के शिविरों में काम किया और कई सामाजिक गतिविधियों में शामिल रहे।
बता दें कि चुनाव बाद मुख्यमंत्री पद के चयन को लेकर पार्टी में लंबी खींचतान हुई। गहलोत और पायलट दोनों इस पद की दौड़ में शामिल थे। कई बैठकों और गहन चिंतन के बाद 14 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष ने गहलोत को मुख्यमंत्री और पायलट को उप मुख्यमंत्री नामित करने का फैसला किया।