नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में 42 साल के शख्स को अपने पड़ोस में रहने वाले 12वीं की छात्रा का अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शख्स पर आरोप है कि उसने चुपके से छात्रा का नहाते समय वीडियो बना लिया। हालांकि इस दौरान छात्रा ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया। छात्रा के शोर मचाते ही आरोपी वहां से फरार हो गया। हालांकि बाद में शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
छात्रा के मुताबिक़, पड़ोस में 42 साल का आरोपी शख्स रहता है। उसका दस साल का बेटा भी है। आरोप है कि छात्रा पहली मंजिल के अपने बाथरूम में नहा रही थी। इस बीच, आरोपी उसकी बालकनी पर लटककर छात्रा का अश्लील वीडियो बनाने लगा। छात्रा ने आरोपी को देखा तो वह फौरन तौलिया बांधकर बाहर निकली और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आरोपी शख्स वहां से भाग निकला।
इसके बाद छात्रा ने महिला आयोग की हेल्पलाइन पर भी शिकायत की। स्थानीय लोगों के दबाव और महिला आयोग के दखल के बाद पुलिस ने रविवार को इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया। छात्रा का आरोप है कि आरोपी पिछले करीब एक साल से उसका और उसकी बहन का पीछा कर परेशान कर रहा था। कई बार इसकी शिकायत की तो आरोपी ने माफी मांगकर मामले को रफा-दफा कर दिया। आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।