IANS News

बिहार में पछुआ हवा ने बढ़ाई ठंड, लुढ़का पारा

पटना, 16 जनवरी (आईएएनएस)| बिहार की राजधानी पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ है तथा खिली हुई धूप निकली है। इस बीच चल रही पछुआ हवा के कारण ठंड बढ़ गई है तथा न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बिहार के गया का बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक चल रही पछुआ हवा के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। केंद्र ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि पटना तथा आसपास के क्षेत्रों में अगले एक दो-तीन दिनों के अंदर मौसम साफ रहने के आसार हैं और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। सुबह हल्का कोहरा रहेगा।

भागलपुर का बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस, पटना का 7.2 डिग्री सेल्सियस जबकि पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी पटना का बुधवार को अधिकतम तापमान भी 23.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 

=>
=>
loading...