City NewsRegional

FB पर महिला को हुआ प्यार, बिना देखे दे दिए 10 लाख, BF का असली चेहरा देख हो गई बेहोश

प्रतीकात्मक तस्वीर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की रहने वाली एक महिला को फेसबुक का ऐसा चस्का लगा कि वह दिन रात उसी में डूबी रहती। इस बीच उसकी दोस्ती ब्रिटेन के रहने वाले एक युवक से हो गई। दोस्ती कब प्यार में बदल गई, महिला को भी इस बात का पता नहीं चला। लेकिन जब उस महिला के सामने फेसबुकिया आशिक की सच्चाई सामने आई तो उसके पैरों तले जमीन खिंसक गई। दरअसल वह जिसे सुनहरे बाल, गठीले शरीर और आकर्षक चेहरे वाला शख्स समझ रही थी वो कोई और था। इसके पहले वो महिला को 10 लाख का चूना भी लगा चुका था।

दरअसल राजधानी रायपुर के सिविल लाइन इलाके में रहने वाली महिला का अगस्त 2018 में फेसबुक में ब्रिटेन के स्टीफन एडवर्ड नामक युवक से दोस्ती हो गई थी। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। स्टीफन ने उससे शादी करने और उसे ब्रिटेन ले जाने का वादा किया। महिला उसके झांसे में आ गई। इसके बाद स्टीफन ने महिला को उसका वीजा, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज बनाने के नाम पर पैसा मांगना शुरू कर दिया। महिला स्टीफन पर भरोसा करके पैसा देती रही।

वह अलग-अलग किस्तों में स्टीफन को 10 लाख रुपए दे चुकी थी। स्टीफन ने अपने निजी प्लेन से उसे ले जाने माना एयरपोर्ट में आने का आश्वासन दिया। लेकिन वह नहीं आया। इसके बाद उसने और पैसे मांगे। महिला को थोड़ा शक हुआ, उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। फिर स्टीफन ने महिला को धमकाना शुरू कर दिया। वह वाट्सऐप के जरिए भेजे गए महिला के फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देने लगा। इससे महिला घबरा गई। इसके बाद अपने पति को पूरी जानकारी दी।

इसके बाद पति ने सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज कराया। पुलिस जांच में पता चला कि स्टीफन बनकर महिला को धोखा देने वाले का असली नाम चार्ली मगाने फ्रांज सीन है और वह नाइजीरियन नागरिक है। चार्ली अपनी गर्लफ्रेंड लिंडा के साथ दिल्ली में रहता है। पुलिस ने छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH