Uncategorized

साध्वी प्रज्ञा 23 को भोपाल से दाखिल करेंगी नामांकन, दिग्विजय ने मांगा उनके लिए आशीर्वाद

भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाई गई साध्वी प्रज्ञा ठाकुर 23 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी। ठाकुर ने बताया कि भाजपा द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद उन्होंने प्रचार शुरू कर दिया है। उन्होंने बुधवार को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की और वह अपना नामांकन 23 अप्रैल को भरेंगी। उनकी कोशिश हर क्षेत्र के मतदाताओं तक पहुंचने की होगी।

प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ली थी और उसके बाद पार्टी ने भोपाल से उन्हें उम्मीदवार बनाया। प्रज्ञा का भोपाल में मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से है। सिंह 20 अप्रैल को नामांकन भरने वाले हैं। उधर, साध्वी प्रज्ञा की उम्मीदवारी की घोषणा होने के बाद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर उनका स्वागत करने की बात कही।

उन्होंने ट्वीट कर कहा- मैं साध्वी प्रज्ञा जी का भोपाल में स्वागत करता हूं। आशा करता हूं कि इस रमणीय शहर का शांत, शिक्षित और सभ्य वातावरण आपको पसंद आएगा। मैं मां नर्मदा से साध्वी जी के लिए प्रार्थना करता हूं और नर्मदा जी से आशीर्वाद मांगता हूं कि हम सब सत्य, अहिंसा और धर्म की राह पर चल सकें।नर्मदे हर! बता दें कि साध्वी प्रज्ञा सितंबर 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं। इस विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई थी। प्रज्ञा इस मामले में नौ साल जेल में थीं और फिलहाल वह जमानत पर हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH