नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी आज वाराणसी के लंका स्थित मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गोदौलिया तक रोड शो करेंगी। इस दौरान वह काशी विश्वनाथ और काल भैरव का दर्शन भी करेंगी।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश चौहान ने बताया कि प्रियंका गांधी का आज बनारस के कांग्रेस प्रत्याशी अजय के पक्ष में रोड शो है। इस दौरान वह काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन करेंगी।
मुकेश चौहान ने बताया कि रोड शो को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। रोड शो के दौरान शहनाई और डमरू के साथ शंखनाद की भी व्यवस्था की गई है।
साथ ही पूरे रोड शो के दौरान पुष्पवर्षा की भी व्यवस्था की गई है। कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रियंका गांधी के रोड शो को ऐतिहासिक बनाने में जी-जान से जुटे हुए हैं। रोड शो से पहले वह मालवीय प्रतिमा स्थल पर एकत्र लोगों को संबोधित करेंगी।