City NewsUttar Pradesh

शख्स ने जुए में दांव पर लगा दी अपनी ही पत्नी, हारने पर दोस्तों ने महिला के साथ किया गैंगरेप

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां एक युवक जुए में अपनी पत्नी को हार गया। इसके बाद युवक के दोस्तों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। महिला ने इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाही लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट पहुंच गई। कोर्ट के निर्देश पर गुरुवार को जफराबाद पुलिस ने महिला के पति और गैंगरेप करने वाले दोनों दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

महिला के अनुसार उसका पति घर पर ही अपने दो दोस्तों के साथ शराब पीता और जुआ खेलता था। लगभग आठ माह पहले दिसंबर में भी एक दिन घर पर ही जुआ खेल रहा था। उसने दांव पर पत्नी को ही लगा दिया। पति के हारते ही जुआ जीतने वाले दोनों दोस्तों ने महिला के साथ गैंगरेप किया।

शर्मनाक वारदात के बाद महिला मायके आ गई। अगले दिन पति मायके आया और माफी मांगी। पति के माफी मांगने के बाद महिला पति के साथ शाहगंज जाने को तैयार हो गई। महिला ने आरोप लगाया कि जब वह बोलेरो से शाहगंज जा रही थी तो रास्ते में पति के दोनों दोस्त अनिल व अरुण मिल गए और वाहन में बैठ गए। चलती बोलेरो में भी दोनों दोस्तों ने उसके साथ फिर रेप किया।

इस बार महिला चुप नहीं बैठी और पति के साथ उसके दोस्तों के खिलाफ थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस में कोई सुनवाई नहीं होने पर महिला ने कोर्ट से गुहार लगाई।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH