लखनऊ। मुजफ्फरनगर में एक रेप पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान उसने अपने हाथ पर आरोपियों के नाम लिख दिए। पुलिस ने पुलिस ने मामले में एक नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चार वर्ष पूर्व ससुराल में पहुंचकर महिला के रिश्ते के मामा ने उसके साथ जबरन रेप किया। बाद में कुछ लोगों ने मामले में समझौता करा दिया, लेकिन पीड़िता इससे काफी नाराज थी। बताया जाता है कि इसी कारण वह तनाव में रहती थी। इतना ही नहीं, एक वर्ष पूर्व रोहाना खामपुर मार्ग पर राजवाहे के पास पीड़िता को रिक्शे से उतारकर उसके साथ गांव के ही तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। मामले में मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फिलहाल तीनों आरोपी जमानत पर हैं।
शनिवार को पीड़िता मायके में घर पर अकेली थी। परिवार के लोग खेतों में गए थे। बताया जाता है कि पीड़िता की मां जब जंगल से लौटी तो बेटी का शव मकान में रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। बेटी का शव लटका देख मां की चीख निकल गई, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा गया। मृतका ने अपने बाये हाथ पर आरोपियों के नाम लिखे थे। काफी देर बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है