NationalTop News

पीएम मोदी से पहले सोनिया गांधी का राष्ट्र के नाम संदेश, कहा- कांग्रेस देशवासियों के साथ

नई दिल्ली। पीएम मोदी आज सुबह 10 बजे एक बार फिर देश को संबोधित करेंगे। चूंकि 21 दिनों का लाकडाउन आज खत्म हो रहा है ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि पीएम मोदी लॉकडाउन बढ़ाने का एलान कर सकते हैं। उधर पीएम मोदी के संबोधन से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने देश के नाम एक मैसेज जारी किया। अपने मैसेज में सोनिया ने डॉक्टर्स , सफाईकर्मियों, पुलिस सहित सरकारी कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। सोनिया ने कहा कि कोरोना संकट में डॉक्टर्स, सफाईकर्मियों, पुलिस सहित सरकारी अधिकारियों के डटे रहने से बड़ी देशभक्तिकोई नहीं है। हम एकता, अनुशासन और आत्मबल के भाव से कोरोना को परास्त करेंगे। धैर्य एवं संयम के लिए देशवासियों का धन्यवाद।

सोनिया गांधी ने कहा, मेरे प्यारे देशवासियों हमारे लिए व्यक्तिगत सुरक्षा का अभाव होने के बाद भी कोरोना वायरस के खिलाफ इस लड़ाई को जीतने के लिए दिन-रात एक किए हुए हैं। हमारे डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मचारी और समाजसेवी संगठन व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की कमी होने के बावजूद इलाज कर रहे हैं। पुलिस और जवान पहरा देकर नियमों का पालन करवा रहे हैं। सफाई कर्मचारी इस मुश्किल समय में भी संसाधनों की कमी के बाद भी संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भी लगातार सफाई बनाए हुए हैं। सरकारी कर्मचारी अधिकारी 24 घंटे इस महामारी पर कंट्रोल पाने और लोगों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं लेकिन आपके हमारे सहयोग के बिना इनकी लड़ाई कमजोर पड़ सकती है और हमें ऐसा नहीं होने देना है।’

सोनिया ने कहा कि इस संकट में आप ही में से कई लोग अपने स्तर पर व्यक्तिगत प्रयास कर रहे हैं। कोई लोगों को खाना खिला रहा हैं। कोई मास्क बॉंट रहा है। कोई सेनेटाइजर बांट रहा है। कोई गरीबों तक राशन पहुॅंचा रहा है। हर हिंदुस्तानी कोरोना से इस लड़ाई को जीतने में एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। आप सभी लोग धन्यवाद के पात्र हैं। सोनिया गांधी ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी देश के साथ खड़ी है। मैं विश्वास दिलाती हूं कि कांग्रेस पार्टी चाहे सत्ता में हो या विपक्ष में हर जगह इस लड़ाई में आपके साथ है। आप किसी भी मदद के लिए राज्यों या हमारे कंट्रोल रूम में संपर्क कर सकते हैं।

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि कोरोना वायारस के संकट को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आने वाले लाभार्थियों को सितंबर महीने तक प्रति व्यक्ति 10 किलोग्राम अनाज उपलब्ध कराया जाए और मुश्किल में घिरे उन लोगों को भी यह राहत प्रदान की जाए जिनके पास राशन कार्ड नहीं है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH