Top NewsUttar Pradesh

प्रियंका गांधी की सीएम योगी से अपील, चाहे तो बसों पर बीजेपी का झंडा लगा लें, लेकिन परमिशन दे दें

लखनऊ। प्रवासी मजदूरों को बस मुहैया कराए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के बीच तनातनी चरम पर है। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार निशाना साधा है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि काफी समय से हमारे प्रवासी मजदूर विषम परिस्थितियों में पैदल अपने घर की ओर जा रहे हैं। कोई गुजरात से आ रहा है। कोई मध्य प्रदेश से। कई प्रेग्नेंट महिलाएं भी 6-8 घंटे कड़ी धूप में पैदल चलने को मजबूर हैं। कुछ अपने बच्चों को गोद में लेकर जा रहे हैं। कुछ टूटी साईकिल पर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब हम सबको अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। ये भारत के वो लोग हैं जिन्होने बड़ी बड़ी इमारते बनाई, जिनमें हम लोग रह रहे हैं। जिनके खून पसीने से देश चलता है। अब ये हम सबकी जिम्मेदारी है कि इनकी मदद करें। ये राजनीति का समय नहीं हैं। हर राजनैतिक दल को इन मजदूरों की मदद में जुट जाना चाहिए। हमारी भावना शुरू से सकारात्मक रही है। हम लोगों की मदद करना चाहते हैं इसमें कोई राजनीति नहीं है।

बसों की लिस्ट में बाइक और टेम्पो के नंबर होने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर ऐसे कुछ नंबर हैं भी, तो हम नए नंबर देने को तैयार हैं।

प्रियंका ने ये भी कहा कि हमें इस बात की क्रेडिट नहीं चाहिए, आप परमिशन दे दीजिए। उन्होंने कहा कि अगर आपको क्रेडिट लेना हो तो, आप चाहें तो बसों पर बीजेपी का झंडा लगा सकते हैं। इससे 92 हजार लोगों को मदद मिलेगी। हमारी बसें अभी भी खड़ी हैं लेकिन योगी सरकार अनुमति नहीं दे रही है। प्रियंका गांधी ने बताया कि हमने अब तक 67 लाख लोगों की मदद की।

प्रियंका ने कहा कि दूसरे राज्यों से घर वापस आ रहे श्रमिक अपने को अकेला न समझें, कांग्रेस पार्टी का हर एक कार्यकर्ता आपकी मदद से लिए दिन रात काम कर रहा है। हर जिले में हमने वॉलंटियर्स तैनात किए हैं। हाईवे पर टास्क फोर्स बनाए हैं। ताकि ये लोग जरूरतमंदों को मदद करें, खाना दें।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH