लखीमपुर खीरी। यूपी के लखीमपुर खीरी में एक बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई। घटना ईशा नगर थाना इलाके की पकरिया गांव की है। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बच्ची के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गई थीं। बच्ची के शव को देखने वाले उसके पिता की भी रूह कांप गई।
पीड़िता के पिता ने बताया उसकी बेटी शुक्रवार दोपहर से लापता थी, हम उसको हर जगह तलाश कर रहे थे। एक गन्ने के खेत में हमें उसकी लाश मिली। पिता ने बताया जब हमने बेटी को देखा तो उसकी आंखें बाहर निकली हुई थीं और जीभ काट दी गई थी।
पीड़िता के पिता की मानें तो लड़की की आंखें निकली हुई थीं। उसकी जुबान कटी हुई थी। दुपट्टे से लड़की का गला घोंटा हुआ था। इस घटना पर धौरहरा के सीओ अभिषेक प्रताप का कहना है कि बच्ची से रेप और हत्या की घटना सामने आई है। उन्होंने बताया कि बच्ची का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। उसकी गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई है। मेडिकल जांच में लड़की के साथ रेप की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।