Top NewsUttar Pradesh

सपा नेता आजम खान की बहन के बंगले को नगर निगम ने किया सील

लखनऊ। लखनऊ नगर निगम ने सोमवार को सपा नेता आजम खान की बहन निखत अफलाक के रिवर बैंक में आवंटित बंगला सील कर करते हुए उसे अपने कब्जे में ले लिया है। यह बंगला वर्ष 2007 में मुलायम सरकार के दौरान नियमों को ताक पर रखकर आवंटित किया गया था। रामपुर के निवासी एक व्यक्ति के शिकायती पत्र पर नगर निगम ने जांच की और मकान खाली करने का नोटिस जारी किया था।

आजम खान की बहन के जवाब से संतुष्ट न होने के बाद 15 अक्टूबर को इसका आवंटन निरस्त किया गया और उनसे बंगला 15 दिन के अंदर खाली करने का नोटिस दिया गया। निखत अफलाक ने जब बंगला नहीं खाली किया तो नगर निगम ने खुद ही इसे अपने कब्जे में ले लिया।

नगर आयुक्त डॉ. अर्चना द्विवेदी की मौजूदगी में नगर निगम की टीम सोमवार को रिवर बैंक कॉलोनी पहुंची। भवन संख्या ए2/1 के मुख्य गेट का ताला बंद था। लगभग आधे घंटे तक गेट खटखटाया गया। गेट नहीं खुला तो ताला तोड़ दिया गया। बंगले के अंदर कमरों के दरवाजों पर भी ताला लटक रहा था। नगर निगम ने सभी दरवाजों पर अपना भी एक ताला लगा दिया। बंगले के पीछे एक और गेट था जो खुला मिला। अंदाजा लगाया जा रहा है कि बंगले के अंदर मौजूद लोग पीछे के गेट से बाहर निकल गए होंगे। सीलिंग की कार्रवाई के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH