नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर ने सोमवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने ये कदम क्यों उठाया इस बात का पता अभी नहीं चल पाया है। मृतक का नाम ऋतुराज है। उनकी इसी महीने 17 नवंबर को शादी थी। वो अपनी शादी की तैयारियां भी कर रहे थे। हालांकि इस बीच ऐसा क्या हुआ कि उन्हें ये कदम उठाना पड़ा, इस बात का पता अभी नहीं चल पाया है।
मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले ऋतुराज दिल्ली के पश्चिम विहार थाना में कार्यरत थे। वह रविवार रात को अपने घर के ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरे में सोए हुए थे। सुबह करीब चार बजे उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से सिर में गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
फायरिंग की आवाज सुनकर सब इंस्पेक्टर के भाई निगम कुमार जब कमरे में आए तो उन्होंने ऋतुराज को बेड पर खून से लथपथ हालत में पाया। इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गई है। रितुराज की शादी 17 नवंबर को होनी थी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुट गई है।