हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई में आठ साल के बच्चे को अगवाकर उसकी हत्या करने वाला शख्स अपनी गलत स्पेलिंग की वजह से पकड़ा गया। राम प्रताप सिंह नाम के शख्स ने 26 अक्टूबर को एक आठ वर्षीय बच्चे को उसकी दादी के घर के पास से अगवा कर लिया था लेकिन बाद में बच्चे की हत्या कर दी।
हालांकि बच्चे के हत्या करने से उसने बच्चे के पिता के पास फिरौती के लिए एक मैसेज भेजा था। मैसेज में उसने लिखा था, दो लाख रुपये सीता-पुर लेकर पहुंचिए। पुलिश को नहीं बताना नहीं तो हत्या कर देंगे। यहां उसने सीतापुर और पुलिस गलत लिखा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए साइबर सर्विलांस सेल की मदद ली। जिसके बाद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। हालांकि उसने बताया कि उसका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। उसका सिम चोरी हो गया था।
सीसीटीवी फुटेज और सूचना के आधार पर पुलिस ने सिंह सहित 10 संदिग्धों को उठाया। पुलिस ने सभी संदिग्धों को लिखने के लिए कहा, मैं पुलिस में भर्ती होना चाहता हूं। मैं हरदोई से सीतापुर दौड़कर जा सकता हूं। आखिरकार पुलिस की चाल में राम प्रताप सिंह फंस गया। उसने पुलिस को पुलिश और सीतापुर को सीता-पुर लिखा, जैसा कि उसने फिरौती के संदेश में लिखा था। उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया।