Top NewsUttar Pradesh

महोबा: SDRF का रेस्क्यू आपरेशन भी नहीं आया काम, बोरवेल में गिरे मासूम की उखड़ गई सांसे

महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा में बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे की मौत हो गई है। उसे गुरुवार सुबह बोरवेल से निकाला गया लेकिन तब तक उसकी सांसे उखड़ चुकी थीं। 30 फुट गहरे खुले बोरवेल से लड़के को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया था।

रात बारह बजे लखनऊ से आई एसडीएआरएफ की टीम ने रेसक्यू ऑपरेशन शुरू किया था। इससे पहले दोपहर तीन बजे से प्रशासनिक, पुलिस और दमकल की टीम बोरवेल से बच्चे को निकालने के प्रयास में जुटी रही थी। गुरवार की सुबह करीब पौने नौ बजे एसडीआरएफ की टीम ने मासूम को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बीती शाम से बोरवेल से बच्चे की आवाज आनी बंद हो गई थी।

जिला मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार ने कहा, बच्चा धनेन्द्र अपनी बड़ी बहन रेखा के साथ खेलते समय बोरवेल में गिर गया था। घटना की जानकारी मिलते ही कुलपहाड़ थाना प्रभारी अनूप दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बचाव अभियान को देखने के लिए घटनास्थल पर जमा भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम में ऑक्सीजन सिलेंडरों के साथ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के लोग शामिल थे, जो बच्चे को ऑक्सीजन की आपूर्ति करा रहे थे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH