InternationalTop Newsमुख्य समाचार

यूक्रेन में एक और भारतीय छात्र की मौत, बीमारी के कारण गई जान, पंजाब का रहने वाला था युवक

खारकीवः यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच भारत के लिए एक और दुखद खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां एक और भारतीय का मौत की सूचना है। जान गंवाने वाला शख्स पंजाब का रहने वाला बताया जा रहा है और उनकी उम्र 22 साल के करीब है।

हालांकि, उनकी मौत की वजह बीमारी बताई जा रही है। वह यूक्रेन की विनित्सिया मेडिकल यूनिवर्सिटी के अस्पताल में भर्ती थे। ब्रेन स्ट्रोक की वजह से वह आईसीयू में एडमिट थे। इलाज के दौरान उनकी बुधवार को मौत हो गई। यूक्रेन में यह लगातार दूसरे भारतीय की मौत है। इससे पहले मंगलवार को कर्नाटक के रहने वाले नवीन की खारकीव में गोलीबारी के दौरान मौत हुई थी।

इससे पहले मंगलवार को भी एक भारतीय छात्र की मौत हो गई थी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने ट्वीट करके इसकी पुष्टि की थी। यूक्रेन पर रूस के हमले के छठे दिन मारा गया भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा कर्नाटक के हावेरी के चालागेरी का रहने वाला था। नवीन खारकीव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जब वह अपने अपार्टमेंट से स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी रूस के हमले की वजह से लगी आग की चपेट में आ गया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी ट्वीट करके नवीन की मौत पर दुख जताया था।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नवीन की मौत से पहले आखिरी वीडियो कॉल का वीडियो सामने आया था, जिसमें वह अपने परिजनों से बात कर रहा था। इस वीडियो में नवीन के परिजन उसे अपने अपार्टमेंट के ऊपर तिरंगा लगाने के लिए बोल रहे थे। मौत से पहले नवीन, इस आखिरी वीडियो कॉल में परिजनों की बात पर सहमति जताते दिख रहा था।

दरअसल, यूक्रेन के खारकीव में अब भी कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को बचाने की कोशिश जारी है। सरकार भारतीयों को वापस लाने के लिए ऑपरेशन गंगा चला रही है। 26 फरवरी से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक 2 हजार से ज्यादा भारतीयों को वापस लाया जा चुका है।

=>
=>
loading...