National

पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने वाले बीजेपी नेता टी राजा सिंह पार्टी से सस्पेंड

नई दिल्ली। पैगम्बर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले बीजेपी नेता टी राजा सिंह को पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया है। बीजेपी आलाकमान ने कहा है कि राजा सिंह ने ऐसा बयान देकर पार्टी की छवि को धूमिल करने का काम किया है। इससे पहले हैदराबाद से टी राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। टी राजा के बयान के बाद से ही लोग गुस्से में थे। हैदराबाद में भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए थे। उसके बाद आज सुबह उन्हें हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।

हैदराबाद दक्षिण क्षेत्र के डीसीपी पी.साई चैतन्य ने जानकारी देते हुए बताया था कि पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए विधायक राजा सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। राजा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बीती रात साउथ जोन डीसीपी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। हैदराबाद की गोशामहल सीट से बीजेपी विधायक टी. राजा सिंह ने हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसे लेकर यह विवाद तेज हुआ है। इस वीडियो के बाद उनके खिलाफ बड़ी संख्या में मुस्लिमों ने प्रदर्शन किया है। लोगों ने दबीरपुरा, भवानीनगर, रीनबाजार और मीरचौक पुलिस स्टेशन को घेरकर प्रदर्शन किया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में टी. राजा सिंह ने कहा था कि आप लोग हमारे भाईयों के गले काटते हो और वीडियो जारी करते हो। सोचो यदि हिंदू भाई भी ऐसा ही करते हैं तो फिर आप लोगों का क्या होगा। उन्होंने कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी का जिक्र करते हुए कहा था कि उसने कॉमेडी के नाम पर माता सीता और भगवान राम का अपमान किया था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH