National

पुलवामा के 10 दिनों के अंदर दोबारा हमला करने वाले थे आतंकी, इस तरह सेना ने की थी साजिश नाकाम

नई दिल्ली। बालाकोट स्ट्राइक के दौरान घाटी में 12वीं कोर के पूर्व कमांडर ले. जनरल केजेएस ढिल्लों ने हाल ही में अपनी किताब ‘कितने गाजी आए, कितने गाजी गए का विमोचन किया। इस किताब में उन्होंने एक ऐसा खुलासा किया, जिसे जान आप भी दंग रह जाएंगे। ले. जनरल केजेएस ढिल्लों ने अपनी किताब में पुलवामा के बाद के हालातों का जिक्र किया है। जनरल ढिल्लों ने लिखा कि आतंकी पुलवामा हमले के 10 दिनों बाद ऐसी ही एक खूनी साजिश रच रहे थे। उनका प्लान घाटी को दोबारा दहलाने का था। हालांकि देश के जाबांज सुरक्षाबलों की सतर्कता और सक्रियता से उस हमले की साजिश को फेल कर दिया था। इस हमले की साजिश जैश ए मोहम्मद के आतंकी बना रहे थे।

जनरल ढिल्लों ने अपनी किताब में पुलवामा के बाद के हालातों के बारे में लिखते हुए बताया, कि कई बार लोग उन हमलों के बारे में नहीं जान पाते हैं, जिन्हें होने ही नहीं दिया जाता है। घाटी में खुफिया विभाग लगातार पुलवामा जैसे हमलों और आतंकियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रहे थे। इसी बीच एजेंसियों को घाटी के तुरीगाम में एक आतंकी मॉड्यूल का इनपुट मिला। इसके बारे में जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ अन्य एजेंसियों को भी जानकारी मिली। यह इनपुट JK पुलिस के DSP अमन कुमार ठाकुर को मिली थी।

इनपुट के आधार पर सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की एक टीम तैयार की गई। 24 फरवरी 2019 की रात को टीम ने तुरागाम को घेर लिया। गांव में मौजूद आतंकियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी थी। इसके बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई में तीनों को ढेर कर दिया।
ले. जनरल केजेएस ढिल्लों ने आगे लिखा कि इस पूरे ऑपरेशन में जम्मू कश्मीर के DSP अमन ठाकुर और राष्ट्रीय राइफल्स के सूबेदार सोमवीर ने अदम्य शौर्य का प्रदर्शन किया। एक घायल सिपाही को सुरक्षित निकालने की कोशिश में DSP अमन घायल हो गए। घायल होते हुए उन्होंने साहस दिखाया और एक आतंकी को ढेर कर दिया था। हालांकि वो शहीद हो गए। साथ ही, 34 राष्ट्रीय राइफल्स (जाट रेजीमेंट) के सूबेदार सोमवीर ने भी गजब की बहादुरी दिखाई। उन्होंने भी घायल होने के बावजूद एक आतंकी को ढेर कर दिया। वह भी इस ऑपरेशन में शहीद हो गए। दोनों जाबांज शहीदों को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH