City NewsUttar Pradeshलखनऊ

लखनऊ में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कार्पियो में फंस 100 मीटर तक घिसटते चले गए पति-पत्नी और दो बच्चे, मौत

लखनऊ। उप्र की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां गुलाचीन मंदिर के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो ने मंगलवार देर रात करीब दो बजे स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी स्कार्पियो के नीचे फंस गई।

स्कूटी सवार दंपति और दो बच्चे करीब 100 मीटर तक घिसटते रहे पर चालक ने स्कार्पियो नहीं रोकी। हादसे में चारों की मौत हो गई। बाद में स्कार्पियो डिवाइडर से टकरा कर रुकी। घटना से सड़क किनारे सो रहे लोगों में भगदड़ मच गई।

सूचना पर इंस्पेक्टर विकासनगर शिवानंद मिश्रा पहुंचे। आनन फानन में स्कूटी के नीचे फंसे दंपति और दोनों बच्चों को निकाला। चारों को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर भेजा गया जहां डाक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। ट्रामा सेंटर के पीआरओ ने चारों की मौत की पुष्टि की।

पुलिस के मुताबिक मृतक शख्स की पहचान सीतापुर निवासी राम सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पत्नी (32 वर्ष) व दस और सात वर्षीय बेटे के साथ स्कूटी पर जा रहे थे। स्कार्पियो राजेंद्र कुमार पाल के नाम पर पंजीकृत है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कार्पियो टेढ़ी पुलिया की ओर से आ रही थी। मंदिर से करीब 100 मीटर पहले स्कूटी में टक्कर लगी। स्कूटी और लोग स्कार्पियो में फंसकर घिसट रहे थे। घिसटते समय तेज आवाज के साथ चिंगारियां निकल रही थीं। गनीमत रही कि आग नहीं लगी।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुःख

लखनऊ में हुए हादसे में हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH