International

पुतिन की दी स्पेशल कार में घूमेंगे किम जोंग, बम का भी नहीं होगा असर

मास्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरियाई के तानाशाह किम जोंग उन को अपनी एक स्पेशल कार गिफ्ट की है। बताया जा रहा है कि यह गिफ्ट संयुक्त राष्ट्र के नियमों का उल्लंघन हो सकता है। क्योंकि संयुक्त राष्ट्र ने रूस और नॉर्थ कोरिया के बीच किसी भी प्रकार के लेन-देन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। किम की बहन ने पुतिन को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह गिफ्ट दोनों शीर्ष नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंधों को दर्शाता है।

आधिकारिक केसीएनए समाचार एजेंसी ने कहा कि रूसी निर्मित कार 18 फरवरी को किम के शीर्ष सहयोगियों को सौंपी गई थी। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि कार को रूस से कैसे भेजा था। ऐसा माना जाता है कि किम ऑटोमोबाइल के शौकीन हैं और उनके पास लक्जरी विदेशी वाहनों का बहुत बड़ा संग्रह है। पुतिन ने किम के लग्जरी कारों के शौक को देखते हुए यह स्पेशल गिफ्ट भेजा है।

बता दें कि पिछले साल सितंबर में किम जोंग ने ट्रेन से रूस का दौरा किया था। इस दौरान किम ने पुतिन के राष्ट्रपति ऑरस सीनेट लिमोसिन का निरीक्षण किया था। जब से किम जोंग ने रूस का दौरा किया है तब से दोनों देशों के बीच आदान-प्रदान तेजी से हो रहा है।

माना जाता है कि उत्तर कोरिया यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में उपयोग के लिए रूस को तोपखाने, रॉकेट और बैलिस्टिक मिसाइलों की आपूर्ति कर रहा है। वहीं, क्रेमलिन ने उत्तर कोरिया निर्मित हथियारों के इस्तेमाल से न तो इनकार किया है और न ही इसकी पुष्टि की है। उत्तर कोरिया ने रूस को हथियार भेजने के आरोप से इनकार किया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH