National

बीजेपी ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, PM मोदी, शाह और योगी का नाम शामिल

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने तीन राज्यों के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इन तीनों लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नेड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हैं। बता दें इस बार भी लोकसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। ऐसे में चुनाव प्रचार के लिए भी अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है।

बीजेपी ने ऐसे कई नेताओं को भी स्टार प्रचारक बनाया है जिन्हें इस बार टिकट नहीं दिया। इनमें बिहार से अश्वनि चौबे का भी नाम शामिल है। वहीं बिहार से शाहनवाज हुसैन को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। इनके अलावा बिहार से सुशील कुमार मोदी, मंगल पांडे, संजय जायसवाल, रेणु देवी, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, अनिल शर्मा, निवेदिता सिंह और निक्की हेंब्रेन को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। मनोज तिवारी भी बिहार के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी बिहार के लिए स्टार प्रचारक बनाए गए हैं।

वहीं बीजेपी ने मध्य प्रदेश में स्टार प्रचारकों की सूची में राज्य के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को भी जगह दी है। यही नहीं मध्य प्रदेश के दूसरे राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, असम के मुख्यमंत्री हेमंत विस्वा शर्मा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस का नाम भी शामिल है। इनके अलावा कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए सुरेश पचौरी भी भी राज्य में स्टार प्रचारक बनाया गया है।

वहीं पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और अमित मालवीय को स्टार प्रचारक बनाया है। 40 स्टार प्रचारकों की इस सूची में बीजेपी ने पीएम मोदी और प्रमुख केंद्रीय नेताओं को भी चुनाव प्रचार के लिए चुना है। इनके अलावा शुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, स्वप्न दास गुप्ता, मुफुजा खातून, रुद्रनील घोष, अमिताभ चक्रवर्ती, सुकुमार राय, सिद्धार्थ टिर्की, देवाश्री चौधुरी को भी राज्य में स्टार प्रचारकों लिस्ट में शामिल किया गया है।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH