National

राज्यसभा से रिटायर हुए मनमोहन सिंह, 33 साल की राजनीतिक पारी को दिया विराम

नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस सांसद डॉ.मनमोहन सिंह आज राज्यसभा से रिटायर हो गए हैं। आर्थिक सुधारों के सूत्रधार माने जाने वाले 91 साल के मनमोहन सिंह अक्टूबर 1991 में पहली बार राज्यसभा के सदस्य बने थे। वह 1991 से 1996 तक नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री और 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

खास बात है कि उनकी पारी तब संपन्न हो रही है, जब कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा में पहुंच रही हैं। सोनिया गांधी पहली बार राजस्थान से उच्च सदन में प्रवेश करेंगी, जबकि मनमोहन सिंह के साथ राज्यसभा के कम से कम 54 सदस्यों का कार्यकाल मंगलवार और बुधवार को समाप्त हो रहा है और इनमें से कुछ उच्च सदन में नहीं लौटेंगे।

मनमोहन सिंह ने 1998-2004 तक राज्यसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया। उन्‍होंने प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल (2004-14) के दौरान उच्च सदन का सदस्य बने रहना चुना। असम से राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल 14 जून, 2019 को समाप्त हो गया, लेकिन भाजपा सदस्य मदन लाल सैनी के निधन के बाद हुए उपचुनाव में उन्हें 19 अगस्त, 2019 को राजस्थान से उच्च सदन के लिए फिर से चुना गया था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH