NationalTop News

उधमपुर में पीएम मोदी का बड़ा बयान- जम्मू कश्मीर को वापस मिलेगा राज्य का दर्जा

उधमपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर को उसका राज्य का दर्जा वापस मिलेगा और वह समय दूर नहीं जब केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होंगे। उधमपुर से भारतीय जनता पार्टी ने यहां केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकारों ने शाहपुर कंडी डैम को 10 साल तक लटकाए रखा। इसके चलते जम्मू के गांव सुख गए थे। कांग्रेस के दौर में हमारे हक का पानी जो रावी से निकलता था। वह पाकिस्तान जा रहा था. जब लोग उनकी असलियत को जान गए तो अब जम्मू कश्मीर में भ्रम की मायाजाल नहीं चल पा रहा है।

विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये कहते थे कि 370 हटी तो आग लग जाएगी, जम्मू कश्मीर हमें छोड़कर चला जाएगा। लेकिन जम्मू कश्मीर के नौजवानों ने इनको आईना दिखा दिया। अब देखिए, जब उनकी यहां नहीं चली, जम्मू कश्मीर के लोग उनकी असलियत जान गए, तो ये लोग अब जम्मू कश्मीर के बाहर देश के लोगों के बीच भ्रम फैलाने का खेल, खेल रहे हैं। ये कहते हैं कि 370 के हटने से देश को कोई लाभ नहीं हुआ।

उधमपुर में रैली को संबोधित करते पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर को वापस राज्य का दर्जा मिलेगा। वो समय दूर नहीं जब जम्मू कश्मीर में भी विधानसभा के चुनाव होंगे। आप अपने विधायक, अपने मंत्रियों से अपने सपने साझा कर सकेंगे। 10 साल के अंदर-अंदर जम्मू कश्मीर पूरी तरह बदल चुका है। सड़क, बिजली, पानी, यात्रा, प्रवास ये सब तो है ही। लेकिन सबसे बड़ी बात है, जम्मू कश्मीर का मन बदला है। निराशा से आशा की ओर बढ़े हैं, जीवन पूरी तरह विश्वास से भरा हुआ है। इतना विकास यहां हुआ है, चारो तरफ विकास हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब यहां स्कूल नहीं जलाए जाते, बल्कि स्कूल सजाए जाते हैं। अब यहां AIIMS बन रहे हैं, IIT बन रहे हैं, IIM बन रहे हैं। अब आधुनिक टनल, आधुनिक चौड़ी सड़कें, शानदार रेल का सफर जम्मू कश्मीर की तकदीर बन रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ सांसद चुनने भर का नहीं है बल्कि ये देश में एक मजबूत सरकार बनाने का चुनाव है और सरकार जब मजबूत होती है तो जमीन पर चुनौतियों के बीच भी चुनौतियों को चुनौती देते हुए काम करके दिखाती है।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH