Regional

बिहार भाजपा कार्यकारिणी की बैठक शुरू

किशनगंज| बिहार प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को मुस्लिम बहुल क्षेत्र किशनगंज में शुरू हुई। इस बैठक में पार्टी के दिग्गज अपनी अगली रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, वरिष्ठ नेता सुशील मोदी, नंदकिशोर यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय से लेकर केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी, गिरिराज सिंह, सांसद रामपाल यादव व राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन भी मौजूद रहे।

भाजपा के नेता विनोद नारायण झा ने बताया कि दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में पार्टी की अगली रणनीति पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ-सबका विकास’ की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

बैठक में भाग लेने आए तमाम नेताओं ने जहां बिहार में महागठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा, वहीं केंद्र सरकार के ‘सबका साथ-सबका विकास’ की रणनीति का गुणगान किया। राजद पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद रामपाल यादव ने कहा कि राजद का वजूद सिमटता जा रहा है। राजद में लालू यादव के पुत्रों के अलावा किसी अन्य कार्यकर्ता की बात तक नहीं सुनी जाती।

यादव ने नीतीश कुमार को ‘कमजोर मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि उनमें इतनी हिम्मत नहीं है कि लालू के बेटों के भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर सकें। उन्होंने कहा कि नीतीश के शासन में भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लालू और नीतीश को तुष्टिकरण के सबसे बड़े पुजारी बताते हुए कहा कि मुस्लिम मतदाता भाजपा को क्यों वोट नहीं देंगे? भाजपा ने किसी का क्या बिगाड़ा है? उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका विकास’ की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि आज मुस्लिमों को केवल वोटबैंक के रूप में उपयोग किया गया है और मुसलमान अब यह जान चुके हैं।

बिहार भाजपा में गुटबाजी के विषय पर उन्होंने कहा कि थोड़ी-बहुत गुटबाजी सभी जगह होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक ही गुट है- ‘अखंड भारत और भारत माता की जय।’ केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी ने महागठबंधन की सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि बिहार आज भी जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति का शिकार है, जबकि देश विकास की मुख्यधारा में जुड़ता चला जा रहा है। बेनामी जमीन और मॉल घोटाले में लालू यादव के परिवारजनों के नाम आने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि बिहार को अभी महागठबंधन के कुशासन को आगे भी सहना है।

=>
=>
loading...
Dileep Kumar
the authorDileep Kumar