Top NewsUttar Pradesh

सत्ता सुविधा का साधन नहीं, करनी होगी जनसेवा : योगी

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी के साइंटिफिक कन्वेशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश भाजपा कार्यसमिति का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पार्टी राजनीति को पद प्राप्ति को प्रतिष्ठा सुविधा का साधन नहीं मानती, बल्कि इसे जनता की सेवा के लिए परीक्षा का अवसर मानती है।

योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बाजपेयी की कहावत दोहराते हुए कहा कि सिद्धांत विहीन राजनीति फांसी का फंदा है और ऐसी राजनीति राजनैतिक दलों को मौत के कगार पर ले जाती है। भाजपा सदा सिद्धांतों की राजनीति करते हुए अंत्योदय, जनसेवा और राष्ट्र के उत्थान के लिए कार्य करती है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार इन्हीं सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश का विकास सुनिश्चित कर उत्तर प्रदेश बनाने के संकल्प को पूरा करेगी।”

योगी ने कहा कि सिद्धांत-विहीन राजनैतिक दलों ने भाजपा पर सांप्रदायिकता का आरोप लगाकर इसे अछूत बना दिया था, लेकिन आज उसी भाजपा की नीतियांे को दुनिया विश्व कल्याण का पथ मान रही है। यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद पूरे देश में हलचल है। अब परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण की नीति नहीं चलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बैठक में अधिकारियों को प्रदेश की मां, बहन, बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। 24 घंटांे के भीतर पूरे प्रदेश मंे एंटी-रोमियो स्क्वैड गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इस अच्छे कार्य का भी कुछ लोगों ने विरोध किया। लेकिन प्रदेश की महिलाओं ने एसएमएस, मेल और फोन से सरकार को इसके लिए समर्थन दिया।

उन्होंने कहा, “पिछली सरकार ने अवैध बूचड़खानों पर कोई कार्रवाई नहीं की। हमारी सरकार आने के तुरंत बाद ऐसे कत्लखाने बंद कराए गए। अब यहां एक भी गैरकानूनी बूचड़खाना नहीं खुलने दिया जाएगा।”

योगी ने कहा कि प्रदेश में लघु व सीमांत किसानों का 36 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया गया, जिससे 86 लाख किसान लाभान्वित हुए। आलू समर्थन मूल्य घोषित कर उत्पादकों को बड़ा संबल दिया गया। वर्षों से बकाया गन्ना किसानों का भुगतान सुनिश्चित करते हुए भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों को 55 सौ करोड़ का भुगतान कर दिया है। साथ ही चालू सीजन में 14 दिन के भीतर गन्ना किसानों के उपज का भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। चार बंद चीनी मिलों का पुनरूद्धार किया जा रहा है। साथ ही 15 जून तक प्रदेश की सड़कों को गड्डा मुक्त बना दिया जाएगा।

योगी ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस रख रही है। खनन की नई नीति जारी की जाएगी। खनिज पट्टों की सैटेलाइट मैपिंग कराई जाएगी, ताकि मंत्री अपने आफिस में बैठक प्रदेश की खनिज संपदा के एक-एक कण की निगरानी कर सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों के साथ ही 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कस लें।

कार्यसमिति में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं यूपी प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि पिछले तीन सालों में प्रधानमंत्री मोदी ने देश में गरीबों के कल्याण के लिए एक मानसिकता तैयार की है और जनता में एक भरोसा जगाने में कामयाबी हासिल की है।

कार्यसमिति में प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, कृष्णा राज, साध्वी निरंजन ज्योति, संजीव बालियान, डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, राष्ट्रीय अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष विनोद सोनकर, राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त, राष्ट्रीय महिला मोर्चा महामंत्री कमलावती सिंह, पूर्व अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष दुष्यंत गौतम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति त्रिपाठी, विनय कटियार, डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, लालजी टंडन व प्रेमलता कटियार भी शामिल थे।

प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्यप्रताप शाही, राजेश अग्रवाल, श्रीकांत शर्मा, धर्मपाल सिंह, रमापति शास्त्री, दारा सिंह चौहान, स्वाति सिंह, अनुपमा जायसवाल, सुरेश राणा, सुरेश खन्ना, डॉ. महेंद्र सिंह, मुकुट बिहारी वर्मा, स्वतंत्र देव सिंह, आशुतोष टंडन, उपेंद्र तिवारी, भूपेंद्र सिंह, अतुल गर्ग सहित कई विधायक, मंत्री व पदाधिकारी शामिल रहे।

=>
=>
loading...
Dileep Kumar
the authorDileep Kumar