National

मप्र में बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत

भोपाल, 19 सितम्बर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में बीते 24 घंटों में हुई बारिश के चलते मंगलवार को गर्मी से राहत है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राज्य में मंगलवार की सुबह से मौसम साफ है, मगर गर्मी से राहत है, क्योंकि बीते 24 घंटों में हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है। वहीं उमस का भी असर कम हुआ है।

बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी में 45 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं मंडला, झाबुआ और रतलाम में भी बारिश हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, आगामी 24 घंटों में राज्य के बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। इसके अलावा शहडोल, रीवा संभाग सहित झाबुआ, खरगौन, धार, इंदौर, बुरहानपुर, जबलपुर आदि जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में आगामी दिनों में मानसून की विदाई से पहले बारिश का दौर चलेगा, क्योंकि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम (मानसूनी बारिश का माहौल) के चलते राज्य में बारिश हो सकती है।

राज्य में बीते 24 घंटों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22.1 डिग्री, ग्वालियर का 24.5 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 29.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 37 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

=>
=>
loading...