NationalTop NewsUttar Pradesh

मुसीबत में मायावती, बसपा के 94 नेता सपा शामिल

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती को गुरुवार को जोर का झटका लगा है। उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज समेत 94 नेता अखिलेश यादव की पार्टी सपा में शामिल हो गए।

सरोज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। इंद्रजीत सरोज ने मायावती पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से नरेंद्र मोदी के राज में देश में अघोषित आपातकाल है, वैसा ही हाल मायावती के नेतृत्व में बसपा में है।

मुझ पर भाजपा और कांग्रेस में जाने का प्रेशर था, लेकिन मैं स्टूडेंट लाइफ से बसपा से जुड़ा था। पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव के पद तक पहुंचा। मैं झूठों की पार्टी भाजपा में जाने को तैयार नहीं था। पूर्व मंत्री ने कहा कि सपा में बोलने, उठने, बैठने की आजादी है।

वह बिना शर्त के सपा में शामिल हो रहे हैं। वह दलितों और दबे-कुचलों के संघर्ष को आगे बढ़ाएंगे और हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर भाजपा की पोल खोलेंगे।

इंद्रजीत सरोज ने कहा कि सपा और बसपा को मिलकर सामंती ताकतों वाली पार्टियों को सामना करना होगा। चार बार विधायक रह चुके पूर्व बसपा नेता ने कहा हम सपा के सभी नेताओं को आश्‍वस्त करते हैं कि हम इतनी मेहनत करेंगे कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में फिर से अखिलेश की सरकार बने। वैसे, उससे पहले हम 2019 में इसका ट्रेलर दिखाएंगे।

प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने शुरुआती छह महीने में कोई काम नहीं किया। वह दूसरों के विषय में ही बात कर रही है। वे जनता को आगे भी ठगना चाहेंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने कहा कि वह सदन में गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मजलूमों की आवाज को पहुंचाने और लगातार जमीनी काम करने वाले सरोज और उनके तमाम साथियों का पार्टी में स्वागत करते हैं।

उन्होंने कहा कि सपा में आज शामिल हुए लोग इस पार्टी को अपना घर समझें। यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था है और यहां वे अपनी बात रख सकते हैं। वे जिन मूल्यों के लिये संघर्ष करते रहे हैं, इस पार्टी में भी वे उनके लिए जद्दोजहद करके लोगों को न्याय दिला सकते हैं। अखिलेश ने कहा कि हमें भरोसा है कि हमारे नए साथी देश में नया उदाहरण पेश करेंगे।

=>
=>
loading...
Ragini Pandey
the authorRagini Pandey