National

असम : एनएसए के तहत आरटीआई कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की निंदा

गुवाहाटी, 26 सितम्बर (आईएएनएस)| असम में विपक्ष के नेता देवब्रत सैकिया ने मंगलवार को राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत आरटीआई कार्यकर्ता अखिल गोगोई की गिरफ्तारी की निंदा की और कहा कि यह लोकतंत्र के लिए स्वस्थ रुझान नहीं है।

सैकिया ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, पुलिस ने कुछ पुराने मामलों में आरटीआई कार्यकर्ता को सोमवार को फिर से गिरफ्तार किया और उन पर एनएसए के तहत आरोप लगाए हैं।

असम पुलिस ने किसान अधिकार कार्यकर्ता व सूचना अधिकार कार्यकर्ता गोगोई को असम के डिब्रूगढ़ में एक सार्वजनिक रैली में सरकार के खिलाफ कथित रूप से हथियार उठाने के लिए उकसाने पर 13 सितम्बर को गिरफ्तार किया।

गोगोई को सोमवार को अदालत में पेश किया जाना था, पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डिब्रूगढ़ को नागोन के उप आयुक्त का एक पत्र मिला जिमसें कहा गया कि गोगोई पर दर्ज किए गए 33 मामलों में से 12 मामलों में एनएसए के तहत आरोप लगाए गए हैं।

सैकिया ने कहा, भाजपा सरकार द्वारा चुनाव पूर्व किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहने के खिलाफ अखिल गोगोई प्रदर्शन कर रहे थे। भाजपा ने यह वादे असम के 2016 के चुनावों से पहले किए थे।

सैकिया ने कहा, असम में बीते 15 साल कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान उसके खिलाफ कई विरोध प्रदर्शन हुए। लेकिन किसी भी प्रदर्शनकारी को एनएसए के तहत नहीं गिरफ्तार किया गया। भाजपा सरकार से यह उम्मीद नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जो भी उसका विरोध करता है या उसके खिलाफ बोलता है, उसे चुप कराना चाहती है। यह लोकतंत्र के लिए स्वस्थ रुझान नहीं है।

=>
=>
loading...