National

मप्र में धूप की चुभन बढ़ी

भोपाल, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में गुरुवार की सुबह से धूप चुभन पैदा कर रही है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

राज्य में मौसम के साथ तापमान भी बदल रहा है। रात में जहां हल्की ठंड का अहसास होने लगा है, वहीं दिन की धूप सताती है। गुरुवार को भी सुबह से खिली धूप चुभन भरी है, जिसने गर्मी का अहसास कराया। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा। सबसे गर्म श्योपुर जिला रहा, जहां तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दमोह का रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में रीवा, शहडोल संभाग के अलावा जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर और बालाघाट जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

राज्य में हवाओं के रुख में आ रहे बदलाव के साथ मौसम भी बदल रहा है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 21 डिग्री, ग्वालियर का 21.4 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 35.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 36.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 32़.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

=>
=>
loading...