National

भाजपा विधायक दिल्ली विधानसभा से बाहर किए गए

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)| प्रस्तावित मेट्रो किराया वृद्धि पर दिल्ली विधानसभा में एक चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के दो विधायकों को सदन से बाहर निकाल दिया गया और भाजपा के अन्य दो सदस्य सदन से बहिर्गमन कर गए। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने प्रस्तावित मेट्रो किराया वृद्धि पर एक प्रस्ताव पेश किया, जिस पर चर्चा के दौरान लगातार व्यवधान पैदा कर रहे मजिंदर सिंह सिरसा और ओम प्रकाश शर्मा को विधानसभा अध्यक्ष के आदेश पर मार्शलों ने सदन से बाहर कर दिया।

इसके बाद दो अन्य भाजपा विधायक जगदीश प्रधान और विजेंद्र गुप्ता सदन से बहिर्गमन कर गए।

आम आदमी पार्टी(आप) की सरकार 10 अक्टूबर से दिल्ली मेट्रो रेल निगम(डीएमआरसी) के किराया वृद्धि प्रस्ताव का लगातार विरोध कर रही है। डीएमआरसी इस वर्ष मई के बाद दूसरी बार मेट्रो का किराया बढ़ा रही है।

परिवहन मंत्री गहलोत ने इस संबंध में बुधवार को प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें शहरी विकास मंत्रालय से प्रस्तावित ‘गैरकानूनी एवं जनविरोधी किराया वृद्धि’ के खिलाफ ‘त्वरित एवं तत्कालिक हस्तक्षेप’ करने की मांग की गई थी। उन्होंने प्रस्ताव में लोगों के हितों एवं पर्यावरण पर इसका प्रतिकूल असर पड़ने का भी हवाला दिया था।

चारों भाजपा विधायक पिछले सप्ताह सदन में मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा विधायकों पर की गई एक टिपण्णी को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार व्यवधान पैदा कर रहे थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने यह कहकर दोनों विधायकों को सदन से बाहर कर दिया कि इस प्रस्ताव पर चर्चा कराना बेहद जरूरी है, क्योंकि मंगलवार से ही किराए में वृद्धि हो रही है।

=>
=>
loading...