City NewsUttar Pradesh

देवरिया में जमीनी विवाद में 6 की हत्या, एक ही परिवार के पांच की मौत

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला सोमवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर हुई छह हत्याओं से दहल उठा। यहां रुद्रपुर कोतवाली के फतेहपुर के लेहड़ा टोला पर सोमवार सुबह जमीनी विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, उसके प्रतिशोध में उमड़ी भीड़ आरोपी पक्ष के सत्यप्रकाश दुबे के दरवाजे पर पहुंच गई। वहां धारदार हथियार और असलहों से लैस लोगों ने पति, पत्नी दो बेटी, एक बेटे को मार डाला। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके डीएम, एसपी सहित कई थानो की पुलिस पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि लेड़हां टोला गांव में दो पक्षों के बीच जमीन की लड़ाई चल रही थी। सत्य प्रकाश दुबे के परिवार का गांव के ही अभयपुरा टोले के रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव के परिवार से झगड़ा चल रहा था। जमीन विवाद की रंजिश में दोनों पक्ष लगातार आमने- सामने आ रहे थे। सोमवार सुबह प्रेमचंद यादव की हत्या हो गई। इसके बाद दर्जनों लोगों ने सत्य प्रकाश दुबे के घर पर हमला बोल दिया। वे लाठी-डंडों और बंदूक से लैस थे। घर के बाहर बैठे सत्य प्रकाश दुबे, उनकी पत्नी समेत पांच लोगों की हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी। मरने वालों में दो पुरुष, दो बच्चे और एक महिला शामिल हैं।

रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर ग्राम पंचायत के लेड़हां टोले में जमीन विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही आधा दर्जन थानों की पुलिस गांव में पहुंची है। डीएम और एसपी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। माहौल को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। 6 लोगों की हत्या के बाद से गांव में आक्रोश फैला हुआ है। लोग बेकाबू हो रहे हैं। उन्हें शांत करने और हालात संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी संकल्प शर्मा ने आसपास के थानों को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। वे खुद घटनास्थल पर रवाना हुए। डीएम अखंड प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH