National

उप्र में सब कुछ भगवान भरोसे : सपा

लखनऊ, 22 अक्टूबर (आईएएनएस/आईपीएन)। उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी ने कहा कि भाजपा राज में अपराध नियंत्रण के दावे धरे के धरे रह गए। कोई दिन ऐसा नहीं जाता, जब राजधानी सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, अपहरण और दुष्कर्म की घटनाएं न होती हों।

इससे पहले सत्ता में रही पार्टी ने कहा कि हालत यहां तक बिगड़ चुकी है कि अपराधियों को कानून का जरा भी डर नहीं रह गया है और वे खुलेआम पुलिस बल पर भी हमलावर हो रहे हैं। राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और जंगलराज कायम है। गोरक्षधाम पीठ के महंत मुख्यमंत्री लखनऊ से बाहर गुजरात, केरल के दौरों में व्यस्त हैं, यहां उनके अपने प्रदेश में सब कुछ भगवान भरोसे है।

सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने आईपीएन से बातचीत में तमाम घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापारियों की जान भाजपा राज में बहुत सस्ती हो गई है। लखनऊ सहित कई जनपदों में सर्राफा व्यापारियों की हत्या तक हो गई। देवबंद के एक बड़े व्यापारी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। यह सब काम जेल में बंद अपराधी अपने गुर्गो से करा रहे हैं। इन पर किसी तरह का नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस तमाम मामलों में समय से चार्जशीट भी नहीं दाखिल कर पा रही है। विवेचना के काम में जबर्दस्त हीला हवाली हो रही है। अदालतें इसके लिए जब तब दंडात्मक कार्रवाई करने के साथ चेतावनी भी देती रहती है।

चौधरी ने कहा, खुद योगी जी के जनपद गोरखपुर में भाजपा की एक महिला नेत्री को अवैध उगाही में गिरफ्तार किया गया। गोरखपुर के अस्पताल में लगातार बच्चों की मौत हो रही है। महिलाएं असुरक्षित हैं। जब अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी सरकार थी, तब कानून व्यवस्था की स्थिति इससे बेहतर थी।

=>
=>
loading...