National

उप्र : घटना सामूहिक दुष्कर्म की, पुलिस ने दर्ज की एनसीआर

बांदा, 19 फरवरी (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की पुलिस दुष्कर्म जैसे संगीन मामले में लीपापोती में लगी हुई है। ताजा मामला अतर्रा थाने का है, जहां दलित किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है। अतर्रा थाना क्षेत्र के महुटा गांव की एक महिला ने रविवार को थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि शनिवार शाम उसकी 14 साल की बेटी घर से बाहर शौच के लिए गई थी, जहां से गांव के दो युवकों ने उसे जबरन पकड़ कर एक पशु बाड़े में ले जाकर रात भर उसके साथ गलत काम किया। रविवार सुबह लड़की बेहोशी हालत में मिली।

पुलिस ने इस मामले में पीड़िता और आरोपियों के खिलाफ क्रास एनीआर (पुलिस के हस्ताक्षेप न करने योग्य) दर्ज की है।

थानाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह ने सोमवार को बताया कि महिला ने दो युवकों के खिलाफ लड़की से दुष्कर्म किए जाने की तहरीर दी है, दूसरा पक्ष भी थाने आ गया और उसने महिला व उसकी बेटी के खिलाफ हैंडपंप से पानी भरने के विवाद में मारपीट की शिकायत दी है।

उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। एक सवाल पर थानाध्यक्ष ने कहा कि एक आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है और उससे दुष्कर्म के मामले में पूछताछ की जा रही है। अगर आरोपी दुष्कर्म की बात स्वीकार करता है तो लड़की को चिकित्सा परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।

=>
=>
loading...