RegionalTop News

रेप के आरोपियों को थाने से खींच लाई भीड़, फिर बीच बाज़ार जिंदा जलाकर मार डाला

 

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में रेप के कथित आरोपियों को भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारने का मामला सामने आया है। घटना यहां के तेजू शहर में हुई। बच्ची से दुष्कर्म और मर्डर के आरोपियों को भीड़ ने पुलिस थाने से निकालकर पीटा और जिंदा जला डाला। आरोपियों की पहचान संजय सबर (30) और जगदीश लोहार (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी अरुणाचल प्रदेश के चाय बागानों में काम करने आए थे।

मृतकों में से एक पर पांच साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर रेप और हत्या का आरोप था और दूसरे पर इस अपराध में मदद करने का आरोप लगा था। पुलिस के डीआईजी (पूर्वी रेंज) अपुर बिटिन ने कहा कि सोमवार 12 बजे के आसपास करीब एक हजार लोगों की भीड़ ने पुलिस के लॉकअप पर हमला कर दिया और दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई। इस हमले में पुलिस के कुछ लोग भी घायल हुए।

इसके बाद दोनों को बाजार में ले जाया गया और डंडों से पीटा और फिर जिंदा जला डाला। पुलिसबल के घटनास्थल पर पहुंचने से पहली ही भीड़ तितर-बितर हो चुकी थी।

मामले में 12 फरवरी को बच्ची से रेप के बाद उसकी बेदर्दी से हत्या कर दी गई। बच्ची का सिर धड़ से उलग कर दिया गया। यहां तक कि उसके शरीर पर कपड़े तक नहीं थे। बच्ची का शव उसी चाय बागान से मिला जहां पर दोनों आरोपी काम करते थे। दोनों संदिग्धों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा था। पुलिस के सामने दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल भी कर लिया था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH