नई दिल्ली। चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस इस समय पूरी दुनिया के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। हर देश अपने अपने तरीके से इस समस्या से निपटने के प्रयास कर रहा है लेकिन फिलीपीन्स एक ऐसा देश है जिसके राष्ट्रपति ने बीते दिनों एलान कर दिया था कि अगर किसी ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया तो जसे गोली मार दी जाएगी। अब खबर है कि फिलीपीन्स में लॉकडाउन का उलंघन करने पर एक शख्स को गोली मार दी गई है।
इस व्यक्ति की उम्र 63 साल बताई जा रही है। यह पहला मौका है जब फिलीपींस में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले पर गोली चलाई गई है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार इस व्यक्ति ने शराब पी रखी थी और वह हाथ में दराती लिए घूम रहा था। मगर उसने कोरोना वायरस से बचने के लिए मास्क नहीं लगा रखा था। अलजजीरा और कुछ अन्य स्थानीय मीडिया संस्थानों ने इस खबर को प्रकाशित किया है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार मास्क ना लगाने के कारण गांव के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने उस व्यक्ति को चेतावनी दी तब वो गुस्सा हो गया, वो स्वास्थ्य अधिकारी को गाली देने लगा। फिर उसने अधिकारी पर दराती से हमला भी किया, इसके बाद पुलिस ने गोली मार दी। गोली लगने से व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पहचान की जा रही है।