Top NewsUttar Pradesh

उत्तर प्रदेश आज सुरक्षित प्रदेश बन गया है: मुख्यमंत्री योगी

टेहरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपनी जन्मस्थली में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार के बुलडोजर से डर कर माफिया भाग रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से किलेबंदी करने को कहा ताकि उत्तरप्रदेश से भागकर माफिया और अपराधी देवभूमि में न घुस सकें। उत्तर प्रदेश आज सुरक्षित प्रदेश बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में हमारा बुलडोज़र चलते सबने देखा। माफियाओ के घरों की दीवार से मां लक्ष्मी को निकालता है यह बुलडोजर। सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड में अगर भाजपा सरकार नही होगी तो ये माफ़िया अपराधियों की शरणस्थली बन जाएगी। इसलिए उत्तर प्रदेश के साथ साथ उत्तराखंड में भी भाजपा सरकार ज़रूरी है।

योगी ने कहा कि उत्तरप्रदेश के पहले चरण का रुझान आपने देखा होगा,कोई भी ओपिनियन पोल यहां भाजपा सरकार बनने से मना नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश के बिजनौर,सहारनपुर मुजफ्फरनगर सहित पश्चिमी उत्तरप्रदेश के जिलों में सुरक्षा का गंभीर संकट था,वहां लोग अपनी बेटियों को दूर भेज देते थे। 2017 में जब हम सत्ता में आये तो इस स्थिति को सुधारा। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए,मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में उत्तराखंड में मुस्लिम विश्विद्यालय बनाने की बात कही गयी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के प्रदेश में कांग्रेस की यह घोषणा उसकी मानसिकता दिखाता है। वो चारधाम की विकास की बात नही करते। कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमांत प्रदेश के साथ खिलवाड़ करना चाहती है।

योगी ने कहा कि उस पार्टी द्वारा होड़ लगी है कि हिंदुओं को कितना अपमानित कर दें, जिन्हें खुद हिन्दू होने का पता नही वो हिन्दू की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था गर्व से कहो हम हिन्दू हैं, देवभूमि में अगर कोई हिन्दू को नही समझ सकता तो उसे कोई अधिकार नही यहां आने का। योगी ने कहा कि कांग्रेस माफिया को प्रश्रय देती है। मुख्तार अंसारी का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा हमने महीनों कैसे लड़ाई लड़ी एक माफिया को उत्तरप्रदेश लाने के लिए जिसे पंजाब की कांग्रेस सरकार ने अतिथि बनाकर रखा हुआ था।

उत्तराखंड के नवनिर्माण का काम भाजपा कर रही है, केदारनाथ धाम,बद्रीनाथ धाम का विकास हुआ। कांग्रेस के घोषणापत्र में चारधाम का कोई नाम ही नही, वो तो पांचवा धाम बनाना चाहते हैं,उसकी कोई जगह नही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अगर पांचवा धाम बनना होगा तो सैनिक धाम हो सकता है। उत्तरप्रदेश में भी भाजपा ने ही आस्था का सम्मान किया। उत्तरप्रदेश में हम अयोध्या,काशी मथुरा,विंध्यवासिनी धाम का विकास आस्था के सम्मान के रूप में कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि वीर भूमि, देव भूमि उत्तराखंड में असीम संभावनाएं है,यह प्रदेश इस दशक का प्रदेश बनेगा। इसको कोई रोक नही सकेगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH