SportsTop News

आर प्रज्ञानानंद ने रचा इतिहास, सेंट लुइस में जीता ग्रैंड चेस टूर का खिताब; कारुआना को 15-13 से हराया

सेंट लुइस: भारतीय शतरंज के युवा सितारे आर प्रज्ञानानंद ने सेंट लुइस में इतिहास रच दिया है। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रैंड चेस टूर का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही प्रज्ञानानंद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।फाइनल मुकाबले में प्रज्ञानानंद ने अमेरिका के फैबियानो कारुआना को कुल 15-13 के स्कोर से मात दी। खास बात यह रही कि वह एक समय कारुआना से 6 अंकों से पीछे चल रहे थे, लेकिन भारतीय ग्रैंडमास्टर ने आखिरी दिन जबरदस्त वापसी करते हुए मुकाबले का रुख ही बदल दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ प्रज्ञानानंद ने अपने करियर की पहली ग्रैंड चेस टूर ट्रॉफी जीती और करीब 2 करोड़ रुपये की इनामी राशि भी अपने नाम की। इससे पहले वह सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज का खिताब भी जीत चुके हैं।

अंतिम दिन प्रज्ञानानंद की धमाकेदार वापसी

फाइनल के आखिरी दिन की शुरुआत कारुआना के लिए मजबूत रही। वह प्रज्ञानानंद से 6 अंक आगे थे और भारतीय खिलाड़ी के सामने इस अंतर को पाटने की बड़ी चुनौती थी।हालांकि, प्रज्ञानानंद ने दबाव में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने दोनों रैपिड मुकाबले जीतकर कारुआना की बढ़त खत्म कर दी और खुद बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद ब्लिट्ज मुकाबलों में भी उन्होंने अपनी बढ़त बरकरार रखी। दोनों खिलाड़ियों के बीच ब्लिट्ज के मुकाबले ड्रॉ रहे और अंत में प्रज्ञानानंद ने 15-13 से खिताब अपने नाम कर लिया।

पहले ब्लिट्ज मुकाबले में हुई थी गलती

पहले ब्लिट्ज मुकाबले में प्रज्ञानानंद के पास जीत का अच्छा मौका था, लेकिन समय की कमी के कारण उनसे एक गलती हो गई। इससे उनकी स्थिति मुश्किल हो गई। हालांकि, कारुआना इस मौके को भुना नहीं सके और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। फाइनल के पहले क्लासिकल गेम में कारुआना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-0 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद बुधवार को खेला गया दूसरा क्लासिकल गेम 3-3 से ड्रॉ रहा। इसके चलते अंतिम दिन के रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबलों से पहले कारुआना ने प्रज्ञानानंद पर 6 अंकों की बढ़त बना रखी थी।

वेस्ली सो ने जीता तीसरा स्थान

तीसरे स्थान के मुकाबले में वेस्ली सो ने विंसेंट कीमर को हराकर पोडियम पर जगह बनाई। रैपिड मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक मैच जीता, जिससे मुकाबला रोमांचक बना रहा। इसके बाद ब्लिट्ज में वेस्ली सो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चारों मुकाबले जीत लिए और मुकाबला खत्म होने से पहले ही तीसरा स्थान पक्का कर लिया। अंत में उन्होंने कीमर को 18-12 के कुल स्कोर से हराया।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH