EntertainmentTop News

‘टॉक्सिक’ की कमाई में दूसरे दिन भारी गिरावट, फिर भी 2 दिन में 138 करोड़ पार; 200 करोड़ क्लब से बस इतनी दूर

मुंबई: यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करने के बाद दूसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज की है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बुधवार को 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग की थी, लेकिन गुरुवार यानी 27 अगस्त को इसकी कमाई काफी नीचे आ गई। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे दिन भारत में करीब 37.65 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया। इसके साथ ही ‘टॉक्सिक’ का दो दिनों में घरेलू नेट कलेक्शन बढ़कर 138.75 करोड़ रुपये हो गया है।

दूसरे दिन कमाई में 62% से ज्यादा की गिरावट

‘टॉक्सिक’ ने दूसरे दिन 22,629 शोज के साथ करीब 26.6 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। फिल्म ने पहले दिन भारत में 101.10 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। इसके मुकाबले दूसरे दिन का कलेक्शन करीब 62.8 प्रतिशत कम रहा। फिल्म का भारत में अब तक का नेट कलेक्शन 138.75 करोड़ रुपये, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब 165.85 करोड़ रुपये पहुंच गया है। खास बात यह है कि यश की फिल्म अपनी मूल भाषा कन्नड़ के मुकाबले हिंदी मार्केट में बेहतर प्रदर्शन कर रही है।

वर्ल्डवाइड 200 करोड़ के करीब पहुंची ‘टॉक्सिक’

विदेशी बाजार में भी फिल्म ने दूसरे दिन करीब 10 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन करीब 26.25 करोड़ रुपये हो गया है। दो दिनों में ‘टॉक्सिक’ का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 190.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है। रक्षाबंधन के मौके पर कई हिस्सों में छुट्टी होने के चलते शुक्रवार को फिल्म के 200 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है।

दूसरे दिन इन फिल्मों का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई ‘टॉक्सिक’

धमाकेदार ओपनिंग के बावजूद ‘टॉक्सिक’ दूसरे दिन की कमाई के मामले में कुछ बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड से पीछे रह गई। फिल्म ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ के 80.72 करोड़ रुपये, ‘पुष्पा 2’ के 93.80 करोड़ रुपये और ‘KGF: चैप्टर 2’ के 90.50 करोड़ रुपये के दूसरे दिन के नेट कलेक्शन को पीछे नहीं छोड़ा।हालांकि, 101.10 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ ‘टॉक्सिक’ ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली थी।

पहले दिन हिंदी वर्जन का रहा दबदबा

ओपनिंग डे पर फिल्म के हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा कमाई की। हिंदी में ‘टॉक्सिक’ ने करीब 55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं कन्नड़ वर्जन ने 23.30 करोड़, तेलुगु ने 16 करोड़, तमिल ने 5.50 करोड़ और मलयालम वर्जन ने करीब 1.30 करोड़ रुपये कमाए। अब सभी की नजरें फिल्म के तीसरे दिन के कलेक्शन पर हैं। अगर रक्षाबंधन की छुट्टी का फायदा ‘टॉक्सिक’ को मिलता है, तो फिल्म जल्द ही 200 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड क्लब में एंट्री कर सकती है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH