राजस्थान के कोटा जिले में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जिसमें बारात ले जा रही एक कार अनियंत्रित होकर कोटा के नयापुरा पुलिया से चंबल नदी में गिर गई। इस हादसे में दुल्हे समेत 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद हुए।, कार के अनियंत्रित होने के कई कारण बताएं जा रहे है जिसमें से एक शराब पीकर गाड़ी चलाना भी शामिल है। पुलिस अभी मौके पर पहुंच कर गाड़ी को बाहर निकलवाने का काम कर रही है।
जानकारी के अनुसार दूल्हा पक्ष के लोग सवाई माधोपुर से सुबह 5.30 बजे निकल कर उज्जैन ( मध्यप्रदेश) बरात ले कर जा रहे थे। इसी दौरान कोटा में नयापुरा पुलिया से कार अनियंत्रित हो कर चंबल नदी में गिर गई। कार में सवार लोगों ने कांच खोलने के प्रयास किए पर सिर्फ एक ही कांच खुल पाया जिसकी वजह से 7 लोगों की कार में ही मौत हो गई और बाकी 2 लोगों की लाश नदी में काफी दूर निकल गई। सुबह स्थानीय लोगों द्वारा कार को देखे जाने पर पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद राहत कार्य शुरू हो पाया।

पुलिस की गोताखोर टीम अब तक 9 शव बरामद कर चुकी है, पुलिस की टीम अभी भी जांच कर रही है की कहीं कोई और व्यक्ति तो कार में सवार नहीं था। सभी शवों को MBS अस्पताल में रखा गया है। मामले की सूचना मिलने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार हादसे पर अफसोस प्रकट किया और हर सम्भव मदद का आश्वासन भी दिया है, उन्होंने प्रशासन को भी निर्देश दिए हैं हर तरह की सहयता की जाए।




