Top NewsUttar Pradesh

प्रयागराज: बीजेपी की जीत का जश्न मनाने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने बताया सड़क हादसा

प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में भाजपा की जीत का जश्न मनाने पर एक युवक की पीट-पीटकर ह्त्या कर दी गई। हालांकि पुलिस ने पहले इसे सड़क दुर्घटना का मामला बताया लेकिन बाद में जांच करने पर पता चला कि बीजेपी की जीत का जश्न मनाने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने पीट पीटकर उसकी हत्या की है।

स्थानीय पुलिस पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों भाजपा समर्थकों ने रविवार को बहरिया थाने को घेर लिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एक सब-इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस अधिकारी ने जानबूझकर इस घटना को कमतर आंकते हुए इसे सड़क दुर्घटना का मामला बताया, इस तथ्य के बावजूद कि समाजवादी पार्टी के समर्थकों द्वारा युवक पर कथित रूप से हमला किया गया था। भाजपा समर्थकों ने दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि नेवादा निवासी बाबू राम ने बहरिया थाने में लिखित शिकायत दी है कि उनके 22 वर्षीय बेटे सतीश चौहान की शनिवार रात सड़क हादसे में सिर में चोट लगने से मौत हो गयी।एसएसपी ने हालांकि कहा कि गांव के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में नहीं हुई बल्कि कुछ अज्ञात लोगों ने जानबूझकर उस पर हमला किया जिससे उसकी मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि दो अलग-अलग सिद्धांत सामने आने के बाद पुलिस ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH