नई दिल्ली। यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनके खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने का केस दर्ज किया गया है। बरेली की रहने वाली एसएसबी में तैनात महिला सिपाही ने राजस्थान के भिवाड़ी महिला थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला सिपाही का आरोप है कि लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में ट्रेनिंग के दौरान उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। महिला के विरोध करने पर कैरियर खराब करने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर राजस्थान के भिवाड़ी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात लखनऊ के हजरतगंज स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम का होने के कारण मुकदमा स्थानांतरित कर दिया गया है।
महिला खिलाड़ी के मुताबिक अंतिम चयन 26 मार्च को होना था। उसी दिन कोच ने कहा कि आनंदेश्वर पांडैय के आफिस जाकर मिल लो। उनके कहने पर खिलाड़ी उनके कार्यालय पहुंची। जहाँ आनंदेश्वर मौजूद थे। उन्होंने सामने वाले भवन में बुलाया, जहां वह खुद रहते थे। जब वह अंदर गई तो वहां शराब की बोतलें टेबल पर रखी थी। वापस जाने के लिए मुड़ी तो पीछे आनंदेश्वर ने दरवाजा बंद कर लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि आनंदेश्वर ने महिला खिलाड़ी से कहा कि बहुत सी लड़कियाें को इंटरनेशनल बना दिया है। मैं तुम्हे भी इंटरनेशनल बना दूंगा। तुम्हे मेरे साथ दो साल शारीरिक संबंध बनाने होंगे। जिसपे विरोध करने पर जबरदस्ती शुरू कर दी।




